मान्यवर:-साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है | साइबर पुलिस ने 11 साइबर अपराधियों को पकड़ा है | उनके पास से 2 दर्जन से ज्यादा मोबाइल फोन और 3 दर्जन से ज्यादा सिमकार्ड बरामद किए गए हैं | जामताड़ा साइबर अपराध के लिए देश के साथ दुनिया में भी कुख्यात जामताड़ा में साइबर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है |
साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 11 संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है | इनके पास से 27 मोबाइल, 37 सिमकार्ड, 8 एटीएम कार्ड, 2 चेकबुक, 8 पासबुक, 1 लैपटॉप, 1 मोटरसाइकिल और 1 आधार कार्ड बरामद किया गया है. सभी अपराधी करमाटांड़ एवं नारायणपुर थाना क्षेत्र के हैं | यह मामला जामताड़ा साइबर थाना क्षेत्र का है | जामताड़ा साइबर थाना में एसपी दीपक सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी |
सितंबर महीने के शुरुआत में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने जामताड़ा गैंग से जुड़े 14 साइबर अपराधियों को पकड़ा था | दिल्ली पुलिस की साइबर सेल इन अपराधियों से लगातार पूछताछ की थी, जिसमें नए-नए खुलासे हुए | गैंग ने देश के 27 प्रदेशों में 1500 से ज्यादा लोगों को ठगी का शिकार बनाने की बात कबूल की थी | इन 1500 लोगों से 30 करोड़ से ज्यादा की ठगी इस गिरोह ने की थी |
पुलिस ने बताया कि जामताड़ा गिरोह अब तक देश में सबसे ज्यादा लोगों से साइबर ठगी करने वाला गैंग है | दिल्ली पुलिस की साइपैड यूनिट ने ऑपरेशन साइबर प्रहार पार्ट-2 चलाकर जामताड़ा गैंग के 14 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी | इसके साथ ही पुलिस ने लंबे समय से चले आ रहे ठगी के रैकेट का भंडाफोड़ करने में कामयाबी हासिल की | दिल्ली पुलिस का दावा है कि इस गैंग का सरगना अल्ताफ अंसारी 20 साल का है | गैंग के लोग इसे रॉकस्टार के नाम से जानते हैं |
गैंग का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण सदस्य गुलाम अंसारी है, जिसे मास्टर जी के नाम से जाना जाता है | अल्ताफ ने अपने टीम में अलग-अलग ग्रुप बना रखा था | ग्रुप के दो से तीन सदस्य कॉलर के रूप में काम करते थे | उनका काम सिर्फ कॉल करना होता था | बता दें कि जामताड़ा के साइब अपराधी देश ही नहीं, बल्कि विदेशी लोगों को भी अपना शिकार बनाते हैं | ऑनलाइन झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता है | पुलिस लगातार दबिश देकर साइबर अपराधियों को पकड़ने का काम कर रही है, लेकिन अभी तक इन साइबर क्रिमिनल्स पर पूरी तरह से नकेल नहीं कसी जा सकी है |