मान्यवर:-आगरा के सेक्टर दो में कोठी नंबर 111 निवासी डॉ. जसंवत राय के घर में शनिवार रात 8:30 बजे पांच बदमाशों ने डकैती डाली थी। उन्हें तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया था। पत्नी सुनीता सागर और अनुज वधू सीमा सागर को धमकी दी थी।
टेप से तीनों के हाथ, पैर और मुंह बांध दिए थे। घर से आठ लाख रुपये और 12 लाख के जेवरात लूटकर ले गए थे। घटना से परिवार दहशत में है। डॉक्टर दंपती पूरी रात सो नहीं सके। रिश्तेदार भी आ गए थे। इसके बावजूद उनकी दहशत में कम नहीं हुई। पुलिस रात चार बजे तक घर के बाहर संदिग्धों से पूछताछ करती रही। मगर, कोई सुराग नहीं मिल सका।
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि डॉ. जसवंत राय के घर में निर्माण कार्य चल रहा था। हाल ही में नल फिटिंग करने और दरवाजे-खिड़की लगाने मजदूर आए थे। इनसे ही रेकी की आशंका है। इलाके में रहने वाले 20-25 मजदूरों से पूछताछ की गई। इसके अलावा भी 20-25 लोगों को उठाया है। आठ टीमें छानबीन में जुटी हुई हैं। इनमें बदमाशों की धरपकड़, पूछताछ, सर्विलांस टीम शामिल हैं। जेल से हाल में छूटकर आए अपराधियों की सूची तैयार की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए हैं।
बदमाश कहां से आए और किस तरफ भागकर गए, किस गैंग ने वारदात की, किसने रेकी की, यह सब पता किया जा रहा है। कॉलोनी में ज्यादा घर नहीं बने हैं। उनकी कोठी के सामने ही खंडहर मकान है। एक तरफ से सेंट्रल पार्क की तरफ जाया जा सकता है, जबकि दूसरी तरफ से सेक्टर तीन की तरफ जा सकते हैं। रास्ते में खाली जमीन पड़ी हैं।
आसपास कई मजदूर परिवार भी रहते हैं। पुलिस ने डकैती की घटना के बाद मजदूर परिवारों से पूछताछ की।लोगों का कहना था कि बदमाशों में दो सेंट्रल पार्क की तरफ गए। तीन खंडहर मकान के बगल से एक रास्ते से निकल गए। डॉ. जसवंत राय ने बताया कि बदमाश यही कह रहे थे कि शोर मचाया तो जान से मार देंगे।
माल कहां रखा है यह बता दो। जाते समय भी धमकाया। यह भी कहा कि पुलिस को बताया तो दोबारा आएंगे।उन्होंने बदमाशों के जाने की पुष्टि होने पर अपने मुंह से हाथों पर लगा टेप खोला। इसके बाद पत्नी और भाई की पत्नी के हाथ, पैर और मुंह को खोला। इसके बाद कॉलोनी के लोगों को बताया। तब पुलिस को सूचना दी गई।