मान्यवर:-पंजाब में छह सितंबर से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इसकी वजह पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कांट्रेक्ट कर्मचारियों की हड़ताल है। छह सितंबर से ये सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर होंगे और प्रदेश में बसों का संचालन पूरी तरह से ठप रहेगा।
कांट्रेक्ट कर्मचारियों को नियमित करने की मांग न माने जाने पर पंजाब रोडवेज और पनबस कांट्रेक्ट कर्मचारियों ने छह सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। इन सभी ने पंजाब सरकार की गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक के बाद यह फैसला लिया। कैबिनेट बैठक में पंजाब रोडवेज, पनबस एवं पीआरटीसी कांट्रेक्ट वर्कर्स को नियमित करने पर कोई फैसला नहीं लिया गया। इससे नाराज कांट्रेक्ट मुलाजिम छह सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
हड़ताल पर जाने का मतलब यह होगा कि राज्य में पंजाब रोडवेज, पनबस, पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) की सभी बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। मुलाजिम सात सितंबर से मुख्यमंत्री के आवास के समक्ष पक्का मोर्चा लगाएंगे। सत्र के पहले दिन विधानसभा का घेराव करेंगे।