You are currently viewing महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से हाल-बेहाल

महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से हाल-बेहाल

मान्यवर:-महाराष्ट्र में इस वक्त बारिश के कारण बुरा हाल है | इस बीच मुंबई के गोवंडी इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है | यहां पर एक बिल्डिंग के ढह जाने से करीब सात लोगों की मौत हो गई है | मुंबई पुलिस के मुताबिक, गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में मकान गिरने की घटना हुई है | इसमें सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं | हादसे के बाद बीएमसी की टीम मौके पर पहुंची है, जबकि फायर ब्रिगेड और अन्य टीमें भी राहत-बचाव कार्य करने के लिए पहुंची हैं |

ऐसा ही एक हादसा बीते दिन सातारा जिले में हुआ था, जहां पर पहाड़ से मलबा गिरने के कारण कई लोग फंस गए थे | अभी तक यहां करीब दस लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि पांच लोगों को खोजा जा रहा है | लगातार हो रही बारिश के कारण यहां पर पहाड़ से मलबा नीचे आ गया था, जिसके कारण देवरुख के आसपास के गांवों में इसका असर दिखना शुरू हुआ | पहाड़ से मलबा गिरने के कारण कई जगह पेड़ गिर गए, जबकि बड़े-बड़े गड्ढे हो गए | अब प्रशासन की ओर से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है | आपको बता दें कि महाराष्ट्र में लगातार हो रही बरसात के कारण हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं | महाराष्ट्र के करीब एक दर्जन जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं |