हम दबाव में चर्चा नहीं करेंगे
मान्यवर :- भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हमने कानूनों को निरस्त करने के लिए सरकार को 2 अक्टूबर तक का समय दिया है | इसके बाद हम आगे की प्लानिंग करेंगे | हम दबाव में सरकार के साथ चर्चा नहीं करेंगे, कंडीशनल बातचीत होगी | उन्होंने एक बार फिर कहा कि केवल तीनों कानून की वापसी के बाद ही हम अपने घऱ जाएंगे |
राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक तीनों कानून की वापसी और एमएसपी को कानूनी दर्जा नहीं मिलता तब तक हम नहीं जाने वाले हैं | पूरे देश में गैर-राजनीतिक आंदोलन होगा | दिल्ली में एक-एक कील काट के जाएंगे | सरकार कानून वापस लें | ट्रैक्टर वालों को नोटिस देनी की हरकत बंद कर हो |
राकेश टिकैत का ये बयान ऐसे समय में आया है जब शनिवार को प्रदर्शनकारी किसानों ने देशव्यापी ‘चक्का जाम’ किया | देश के कई हिस्सों में किसानों ने प्रदर्शन किया और सड़क को रोका | दिल्ली में किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए चक्का जाम को देखते हुए शहीदी पार्क के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई |
कर्नाटक में किसान संगठनों द्वारा आज देशभर में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम के आह्वान पर किसानों ने मैसूर-बेंगलुरु हाइवे पर चक्का जाम किया | इसके अलावा किसानों ने बनकापुर टोल पर और टोल के पास नेशनल हाइवे पर चक्का जाम किया | पंजाब में भी किसान संगठनों ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम के आह्वान पर किसानों ने अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया |
इससे पहले राकेश टिकैत ने कहा कि आज चक्का जाम हर जगह शांतिपूर्ण ढंग से किया जा रहा है | अगर कोई भी अप्रिय घटना होती है तो दंड दिया जाएगा | वहीं कांग्रेस ने तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकारी किसानों के ‘चक्का जाम’ को समर्थन दिया | कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “जब किसान राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर शांतिपूर्ण तरीके से 6 जनवरी को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे का राष्ट्रव्यापी बंद रखेंगे, तो कांग्रेस अपना पूर्ण समर्थन देगी | कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुटता के साथ किसानों के प्रतीकात्मक प्रदर्शन में शामिल होंगे | “