दिल्ली में गिरा पारा
नई दिल्ली (मान्यवर) :- मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 22 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा | राजस्थान में तापमान में गिरावट जारी है | बुधवार को हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिसके साथ रेगिस्तानी राज्य में यह क्षेत्र सबसे सर्द स्थान रहा | माउंट आबू के अलावा श्रीगंगानगर में 2.5 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 5.1 डिग्री, जैसलमेर में 5.2, बीकानेर में 6.1, फलोदी में 6.2, पिलानी में 4.4 और सीकर में 7.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया | दिल्ली में लगातार ठंड में इजाफा देखने को मिल रहा है | आज दिल्ली में ठंडी हवाएं भी चल रही है | वहीं दिल्ली के आनंद विहार इलाके में ठंड से खुद को बचाने के लिए लोग अलाव जलाते देखे गए | आईएमडी ने आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है | उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के अलावा जम्मू कश्मीर में बर्फबारी देखने को मिली है |
इन राज्यों के कई इलाकों में बर्फ की सफेद चादर देखने को मिल रही है | केदारनाथ धाम में भी 4 फीट से ज्यादा बर्फबारी हो चुकी है | मौसम विभाग (आईएमडी) के मौसम ऐप के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया है |